वजीरगंज थाने के बाहर जाम लगाते मुकेश के परिजन। संवाद
बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के मालिन गौटिया से पांच दिन से लापता युवक की हत्या होने की आशंका है। पत्नी ने कहा कि कुछ लोगों ने उसके पति की हत्या बाइक लूटने के इरादे की है। इसके बाद हत्यारोपियों ने उसके पति का शव रामपुर के शाहबाद क्षेत्र में कोसी रामगंगा में फेंक दिया है। सोमवार सुबह परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे गुस्साए परिजनों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया। पुलिस के साथ परिजन रामपुर के लिए रवाना हो गए।
वजीरंगज थाना क्षेत्र के गांव मालिन गौटिया निवासी मानवती ने पुलिस को बताया है कि सात अगस्त को उसके पति मुकेश को उनके गांव का रिश्तेदार लालाराम अपने साथ पति के ले गया था। आरोप है कि लालाराम उसके पति मुकेश को फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव ले गए। जहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद वह मुकेश को रामपुर जिले के शाहबाद थानाक्षेत्र में ले गए। मुकेश ने हाल ही में ही नई बाइक ली थी। आरोप है कि इस वजह से कोसी गांव के तीन लोगों ने लालाराम के साथ मिलकर मुकेश की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मुकेश के शव को कोसी की रामगंगा में फेंक दिया। आरोपी बाइक लूटकर फरार हो गए।
महिला ने 10 अगस्त को पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शक के आधार पर लालाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे छोड़ दिया गया। इससे गुस्साए परिजनों ने थाने का घेराव सोमवार करीब 12 बजे कर दिया और जमकर हंगामा किया। हालांकि पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हो गए। वजीरगंज इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। घटनास्थल शाहबाद थानाक्षेत्र का है। इस वजह से वहां की पुलिस से संपंर्क किया गया है।