उसहैत (बदायूं)। उसहैत थाना पुलिस ने बुधवार सुबह कासगंज के तीन ऑटोलिफ्टर दबोच लिए। उनके पास से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई। दो तमंचे और चाकू भी पकड़ा गया। तीनों ऑटोलिफ्टर कासगंज से बदायूं आकर बाइक चोरी करते थे और उनके कागजात आदि तैयार करवाकर बेच देते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।
बुधवार सुबह थाना क्षेत्र के गांव चिरानी निवासी खुशीराम उसहैत कस्बा आए थे। वह बाइक खड़ी करके दुकान पर सामान लेने चले गए। इसी दौरान उनकी बाइक चोरी हो गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस ने अलर्ट जारी कर पूरी थाना पुलिस को सचेत कर दिया। उसके बाद पुलिस ने चेकिंग भी शुरू कर दी। एसओ सौरभ सिंह और एसआई हरवीर सिंह हरेंडी तिराहे के नजदीक वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर बाइक के कागजात मांगे लेकिन वह कागजात नहीं दिखा सके। ज्यादा छानबीन की गई तो उनके पास मौजूद मिली बाइक चोरी की निकली। फिर उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की गई। जहां उन्होंने अपने नाम कासगंज के थाना गंज डुडवारा के मोहल्ला सुजावली निवासी साजिद, गंज डुडवारा के मोहल्ला मूलचंद निवासी नवेद और गंज डुडवारा के गांव अल्हैपुर निवासी सुरेंद्र बताए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की एक और बाइक बरामद की। उनसे चोरी की तीन बाइक बरामद हुई हैं। इसके अलावा दो तमंचे और एक चाकू भी मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों ऑटोलिफ्टरों को जेल भेज दिया है।