बदायूं। आज के समय में सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी के साथ करें। इसका दुरुपयोग ज्यादा हो रहा है। इससे खासकर महिलाओं और छात्राओं को सावधान रहने की जरूरत है। यह बात एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बतौर मुख्य अतिथि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ में कही।
राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एसपी सिटी ने कहा कि इस समय साइबर अपराधी लोगों को ठगने के नए-नए तरीके प्रयोग में ला रहे हैं। वे लोगों के मोबाइल पर मेसेज व लिंक भेजते हैं। जब लोग मेसेज खोलते हैं तो उनकी सारी जानकारी अपराधियों के पास चली जाती है।
इसके अलावा तमाम ऐसे एप आ रहे हैं, जिन्हें साइबर अपराधी आपको फंसाकर मोबाइल में डाउनलोड कराते हैं। इसके बाद अपराधी आपका मोबाइल हैक कर लेते हैं। फिर आप जो भी एप्लीकेशन खोलते हैं, उस पर उनकी नजर रहती है। मोबाइल में ऑनलाइन पेमेंट करने के दौरान अपराधी खास ध्यान रखते हैं। वह आपका पासवर्ड, आईडी आदि सब पता करके आपका खाता खाली कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी के कॉल करके आग्रह करने पर एप्लीकेशन डाउनलोड न करें। आज के दौर में हर व्यक्ति फेसबुक, व्हाट्सएप, इंटाग्राम आदि चला रहा है, लेकिन इनका प्रयोग करते समय अपना मोबाइल नंबर, जन्मतिथि या आधार नंबर को पासवर्ड न बनाएं। अपराधी ये पासवर्ड आसानी से पता कर लेते हैं और आपको शिकार बना सकते हैं। इस दौरान प्राचार्य डॉ. वंदना शर्मा समेत समस्त स्टाफ व छात्राएं मौजूद रहीं।
छात्राओं ने कहा- करेंगे परिवार व अन्य को जागरूक
छात्राओं ने कहा कि परिवार समेत अन्य लोगों को भी वह जागरूक करने का काम करेंगी। पाठशाला मेंं बताया गया है कि अनजान लोगों से सावधान रहें। सोशल मीडिया पर कौन अपना है और कौन पराया है, यही पता नहीं लगा सकते। ऐसे में हम छात्राओं को जागरूक होने की आवश्यकता है।
एसपी सिटी ने दिए बचाव के सुझाव
- सोशल मीडिया प्रोफाइल को पर्सनल (निजी) मोड पर रखें।
- सार्वजनिक स्थानों पर बैंक आईडी या पासवर्ड टाइप न करें।
- पासवर्ड में भिन्नता रखें और संभव हो तो बायोमैट्रिक का इस्तेमाल करें।
- 10 अंक के सामान्य नंबर से बैंक से कॉल नहीं आते हैं।
- जिप और क्यूआर कोड से आपका सिस्टम हैक हो सकता है।
- स्पैम मेसेज फॉरवर्ड न करें, साइबर ठगों की यहां भी सक्रियता होती है।