बदायूं विकास भवन के एआर कॉपरेटिव कार्यालय में दोपहर बाद इस्लामनगर क्षेत्र निवासी विपिन शर्मा नाम के युवक ने साथ में लाई बोतल से पेट्रोल अपने ऊपर छिड़क लिया और खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई।
विज्ञापन
करीब 25 फीसदी झुलसे विपिन को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। विपिन के साथ उसके पिता राजेन्द्र प्रसाद भी आए थे जो दो साधन सहकारी समिति के सचिव रह चुके हैं।
इन लोगों का आरोप है कि समिति के काम करते हुए कमीशन व अन्य मद में उनका दो लाख से ज्यादा रुपया अधिकारियों ने दबा रखा था। उनके बार-बार तकादा करने पर उल्टा उन्हीं के खिलाफ गबन की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इससे वह परेशान थे, कुछ लोग बकाया दिलाने के नाम पर रिश्वत मांग रहे थे। अधिकारी इस मामले में फिलहाल कुछ कहने से बच रहे हैं।