बदायूं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्ति की ओर हैं, ऐसे में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में संभावित चार मूल्यांकन केंद्रों के लिए विद्यालयों की सूची तैयार कर बोर्ड कार्यालय को भेज दी गई है। बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद ही इन विद्यालयों को अंतिम रूप से मूल्यांकन केंद्र घोषित किया जाएगा।
जिले में केंद्र बनाए जाने के लिए बोर्ड ने मूल्यांकन कार्य के लिए डाटा मांगा था। इसके बाद जिले के उपयुक्त विद्यालयों का चयन कर उनकी सूची बोर्ड कार्यालय को प्रेषित कर दी गई है। अब बोर्ड स्तर से सूची का परीक्षण कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। गत वर्ष जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए गए थे। इनमें दो केंद्र हाईस्कूल और दो इंटरमीडिएट के लिए निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों पर मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी और निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉपियों का मूल्यांकन पूरा कराया गया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय लालजी यादव के अनुसार, इस बार भी लगभग इसी तरह चार मूल्यांकन केंद्र बनाए जाने की संभावना है। केंद्र बनने के बाद वहां उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षकों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं की जाएंगी। मूल्यांकन कार्य शुरू होने से पहले संबंधित विद्यालयों में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी, ताकि मूल्यांकन कार्य पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। विभाग का कहना है कि बोर्ड से अंतिम निर्देश मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और निर्धारित समय के भीतर कॉपियों का मूल्यांकन कराया जाएगा।