बदायूं। जिले में यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस वर्ष जिले में कुल 98 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित मजिस्ट्रेटों की सूची तैयार कर ली गई है। जिन्हें परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। डीआईओएस लालजी यादव का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे है। साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बोर्ड परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षा से पूर्व केंद्रों का भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके।