एंबुलेंस न मिलने पर ठेला पर मरीज को लेकर जिला अस्पताल ले जाता हुए तीमारदार। स्रोत वीडियो ग्रेब
बदायूं। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें तीमारदार एक मरीज को ठेली पर लादकर जिला अस्पताल ले जाते हुए दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा के लिए कई बार फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई।
बताया जा रहा है कि मरीज कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर का रहने वाला है। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन वाहन नहीं पहुंचा। इस पर परिजन मरीज को ठेली पर लेटाकर जिला अस्पताल पहुंचे। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। ऐसे में सरकारी एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता और आपात स्थिति में मरीजों को मिलने वाली सहायता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जिला अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। एंबुलेंस नहीं मिलने पर वह सीधे मरीज को अस्पताल स्वयं लाया था। यहां पर मरीज को उपचार दिया गया। वह ठीक है। एंबुलेंस का अस्पताल से कोई मतलब नहीं। सतीश चंद्र नागर, सीएमएस, जिला अस्पताल