बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित नरैनी चौराहे के पास शनिवार की दोपहर एक बाइक और टेंपो की भिड़ंत हो गई। इसमें टेंपो में सवार एक छात्रा और बाइक सवार युवक घायल हो गया।
क्षेत्र के गांव खितौरा निवासी छात्रा राखी पुत्री अमर सिंह नरैनी चौराहे से एक टेंपो में बैठकर बिल्सी के महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कॉलेज में पढ़ने आ रही थी। जैसे ही उसका टेंपो नरैनी से बिल्सी की ओर बढ़ा, तभी चालक ने अचानक से ब्रेक मारकर टेंपो बीच सड़क पर रोक दिया।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से गंधरौली गांव से आ रहे रतनेश कुमार पुत्र हरपाल की बाइक टेंपो से भिड़ गई। हादसे में राखी और बाइक सवार रतनेश घायल हो गए। आनन-फानन में पुलिस उन्हें इलाज के लिए सीएचसी लेकर आई। जहां उनकी चिकित्सा करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं घटना के बाद थाना पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। संवाद