बदायूं। महिला थाने में एक महिला की तहरीर पर आठ आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव आकौली निवासी नीरज ने महिला थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनकी शादी 18 नवंबर 2020 को बिल्सी कस्बा के मोहल्ला नंबर दो निवासी अनुराग पुत्र रामकिशोर से हुई थी। शादी के एक साल तक तो सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज का ताना देखकर मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
इस दौरान उन्होंने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद पति अनुराग, सास लड़ैती, ननद सीमा, रीना, रीता और ननदोई कप्तान, सूरज व अजीत ने कम दहेज का ताना देकर मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। धमकी दी, जब तक एक लाख रुपये लेकर नहीं आएगी। वे लोग ससुराल में नहीं रहने देंगे। महिला की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।