ककोड़ा मेला देखने जा रहे युवक की हादसे में मौत
बुधवार शाम ककोड़ा मेला जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा कादरचौक थाना क्षेत्र के उझानी–कादरचौक रोड पर कूड़ा मोड़ के पास हुआ। थाना क्षेत्र के गांव रेवा निवासी 22 वर्षीय सुहैल पुत्र शकील बुधवार देर शाम बाइक से मेला ककोड़ा गंगा घाट पर जा रहा था। किसी वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुहैल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कादरचौक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुहैल को अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा अबरार ने बताया कि सुहैल तीन बहनों में सबसे बड़ा और परिवार का इकलौता बेटा था। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था।