बदायूं में 14 अप्रैल को बरेली हाईवे पर कपड़ा व्यापारी से लूट मामले में पुलिस ने मंगलवार को बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी राजा ठाकुर उर्फ जितेंद्र और उसके तीसरा साथी छोटू उर्फ उमेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से एक लाख 28 हजार रुपये और एक तमंचा बरामद किया है। जबकि मामले में एक गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
बदायूं में बरेली हाईवे पर कपड़ा व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनसे एक लाख 28 हजार रुपये और तमंचा बरामद हुआ है। ये दोनों बदमाश बरेली के रहने वाले हैं, पुलिस ने इन्हें भी जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
बीते 14 अप्रैल को बरेली-बदायूं हाईवे पर मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक तीन बाइक सवार बदमाशों ने बरेली के सिंधु नगर निवासी कपड़ा व्यापारी हिमांशु कुमार पहलजानी से साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए थे। कपड़ा व्यापारी बदायूं से पेमेंट लेकर बरेली लौट रहा था। उनकी कार मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंची थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उनकी कार का अगला शीशा तोड़ दिया। हिमांशु और उनके ड्राइवर पर तमंचे तान दिए। उनसे साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए थे।
17 अप्रैल को पुलिस ने बदायूं में बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बहोरपुरा निवासी धीरज उर्फ धीरू को गिरफ्तार कर लिया था। उससे एक लाख 94 हजार रुपये बरामद हुए थे। उसी दिन धीरज को जेल भेज दिया गया था। जबकि मंगलवार को बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी राजा ठाकुर उर्फ जितेंद्र और उसके तीसरा साथी छोटू उर्फ उमेश को गिरफ्तार कर लिया। छोटू भी मिर्जापुर गांव का रहने वाला है। एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने बताया कि राजा से 82 हजार व एक तमंचा और छोटू से 46 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इनमें राजा के खिलाफ 11 और छोटू के खिलाफ तीन मामले कैंट व अन्य थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं।