उझानी। दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर दो विवाहिताओं को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। आरोपियों ने पंचायत के फैसले को भी नहीं माना। पुलिस ने दोनों मामलों महिलाओं समेत 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी कासगंज जिले के निवासी हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी मोहिनी पुत्री महेशचंद्र की शादी कासगंज में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव क्यामपुर बहेड़िया निवासी राहुल पाल के साथ इसी साल 18 अप्रैल को हुई थी। मोहिनी ने पुलिस को बताया कि शादी में दिए दहेज से पति समेत ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं हुए। शादी के अगले महीना ही मोहिनी के जेवरात उतरवा लिए गए। इसके बाद उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पंचायत में भी आरोपी नहीं माने। पुलिस ने मोहिनी की तहरीर पर राहुल, विनीत, नन्ही, लटूरी, गोल्डी और रजनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के गांव दहेमू निवासी निधि पुत्री संजीव कुमार ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी पति लोकेश, ससुर बुधपाल, सास राजेश देवी, देवर अभिषेक, ननद पवन, खुशबू और गुंजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। निधि की शादी 20 अप्रैल को हुई थी। कार की मांग पूरी नहीं होने पर पति समेत परिवार के लोगों ने 17 अगस्त को मारपीट कर निधि को घर से निकाल दिया गया।