बगरैन। बिजली उपकेंद्र के अधिकारियों की कारगुजारी उजागर हुई हैं। एक उपभोक्ता का आरोप है कि जेई व कर्मचारियों ने उसका पुराना कनेक्शन व मीटर हटवाकर नया लगवा दिया। इससे अब उसके नाम पर बिजली के दो बिल आ रहे हैं। पुराने कनेक्शन पर उस पर 1.50 लाख रुपये बकाया चल रहा है। इससे वह परेशान है। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
गांव अंगथरा निवासी नूर मोहम्मद ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत में बताया कि उन्होंने 17 जून 2015 को अपने घर का बिजली कनेक्शन कराया था। इसकी उनके पास रसीद भी है। इसके बाद मीटर भी लगा दिया गया, लेकिन उसका कभी कोई बिल नहीं आया। जब उन्होंने बगरैन विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत की तो जेई ने कर्मचारियों को भेजकर पुराने मीटर को हटवाकर नया मीटर लगवा दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने सात दिसंबर 2024 को नया कनेक्शन शुरू करा दिया है। इसके बाद से उनके नाम पर दो बिल आना शुरू हो गया। उनके नाम से पुराने कनेक्शन पर करीब 1.50 लाख रुपये से अधिक का बकाया बिल चल रहा है। उन्हें कनेक्शन व मीटर लगने में फर्जीवाड़ा का एहसास हुआ है। तब से वह पुराना कनेक्शन बंद कराने के लिए बिजली अधिकारियों के चक्कर काट रहे है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।