बिल्सी के नगला दंपति और उघैती के टहरा में हुईं वारदात
दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे गए, राजस्व टीम भी पहुंचे
जिले में गुरुवार को हुए दो हादसों में दो किसानों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने भी दोनों मामलों में जानकारी जुटाई है। एक घटना उघैती के गांव टहरा में हुई और दूसरी बिल्सी थाने के गांव नगला दंपत में घटी।
उघैती। थाना क्षेत्र के गांव टहरा निवासी रंजीत सिंह (47) पुत्र रामनाथ पुराने कुएं से ईंटें निकाल रहा था। यहां काम तो कई दिन से चल रहा था, लेकिन गुरुवार को रंजीत सिंह ईंटें निकालने के लिए कुएं के अंदर था। इसी दौरान ऊपर से ढांग गिर गई। वह इसमें दब गया। खेतों में काम कर रहे किसानों और गांव के लोगों ने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। जब तक रंजीत सिंह को बाहर निकाला गया उसकी मौत हो चुकी थी। खबर मिलने पर थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गए। मामले में जानकारी जुटाई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बिल्सी। दूसरी घटना बिल्सी थाने के गांव नगला दंदपत की है। गांव के अवधेश (44) पुत्र जोदराज अपने खेत में गुरुवार दोपहर सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में बने नलकूप के कुएं में गिर गया। उसका सिर नीचे पंपिंग सेट पर लगा। सिर में गंभीर चोट लगने से अवधेश की मौके पर मौत हो गई। इस बारे में सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर एके सिंह गांव पहुंचे। बाद में तहसील प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद अवधेश के घर में कोहराम की स्थिति बनी हुई है।
-------
मुआवजे के लिए की जाएगी लिखा-पढ़ी
बिल्सी। तहसीलदार बालकराम ने बताया कि दोनों मामलों में जानकारी कराई गई है। दोनों किसानों के नाम अगर कृषि भूमि होगी तो उनको किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाया जाएगा। मामले में लिखा-पढ़ी की जा रही है। दंपत नगला मामले में लेखपाल रामाशंकर शर्मा को रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया गया है। टहरा मामले में भी रिपोर्ट बनवाई जा रही है।