बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों लोगों ने गंगा में डूबकी लगाई। उझानी के कछला और उसहैत के अटैना गंगा घाट पर दिन भर गंगा स्नान का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रही। पुलिस के साथ गंगा घाट पर गोताखोर भी तैनात किए गए।
पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को तड़के से ही गंगा तटों पर भक्तों का आना शुरू हो गया। दोपहर तक यहां लाखों की तादाद में भक्त पहुंचते रहे। इस दौरान बसों के साथ रेलगाडिय़ों में भी भीड़ रही। शाम तक गंगा स्नान का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने गंगा स्नान करने के बाद पूजन किया। समाजसेवियों ने गंगा तट पर सफाई अभियान भी चलाया। कछला में नगर पंचायत की ओर से यहां आने वाले भक्तों के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं। महिलाओं के लिए अलग से जगह बनाई गई थी।