फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर दो कारें टकराईं, शिक्षक की मौत

Fri, 13 Feb 2026 11:42 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
रोत-बिलखते परिजन।संवाद
विज्ञापन
गुलड़िया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मनिकापुर कौर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार की रात दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरे। हादसे में एक कार में सवार सहायक अध्यापक स्वतंत्र पटेल उर्फ विशाल पटेल (34) पुत्र दिनेश प्रताप निवासी नगर पंचायत गुलड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


स्वतंत्र पटेल प्राथमिक विद्यालय छोटा परसुरा, थाना मूसाझाग, ब्लॉक जगत में अध्यापक के पद पर तैनात थे। परिजनाें ने बताया कि स्वतंत्र पटेल अपनी कार से बरेली में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर पहुंची कि अचानक एक कार सामने से आ गई।

आमने-सामने की टक्कर में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में फसल की रखवाली कर रहे किसान आ गए। हादसे की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। किसी ने कार पहचानकर परिजनों को भी सूचना दे दी। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
विज्ञापन


परिजनों ने बताया कि उन्होंने मूसाझाग पुलिस समेत दातागंज पुलिस को भी फोन लगाया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। परिवार के लोगों ने कार से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, इसके बाद पुलिस पहुंची। हादसे में कार में सवार अध्यापक राजेश, अर्निका और डौली भी घायल हो गईं। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा आदि की कार्रवाई पूरी की। शिक्षक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर का इकलौता चिराग थे स्वतंत्र पटेल
स्वतंत्र पटेल के बाबा भी शिक्षक थे। उनके पदचिह्नों पर चलकर उनसे प्रेरणा लेकर उन्होंने पढ़ाई की और 2018 में वह शिक्षक के पद तैनात हुए। आठ साल की नौकरी ही कर सके कि सड़क हादसे में मौत हो गई। वह घर का इकलौता चिराग थे।

पिता की कई साल पहले हो चुकी है मौत
स्वतंत्र पटेल के पिता दिनेश पटेल की कई साल पहले हार्टअटैक से मौत हो गई थी। पूरे परिवार का जिम्मा उनके ही ऊपर था। उनकी मौत से परिजन बेसुध हैं।

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
स्वतंत्र के दो बेटे, छह साल का आद्विविक और चार साल का कुशाग्र, हैं। स्वतंत्र की सड़क हादसे में मौत के बाद दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया। बच्चों व उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें