हाईवे पर हादसे के बाद खड़े क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
बदायूं। टेंपो-डीसीएम और बस की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मझिया गांव निवासी विमलेश (22) पुत्र बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर शुक्रवार सुबह थाना क्षेत्र के ही गांव मानपुर कुलचौरा के पास हुआ। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में ले लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।
मौके पर मिले लोगों ने बताया कि अलापुर की तरफ से एक प्राइवेट बस आ रही थी। उसके ठीक पीछे टेंपो चल रहा था। टेंपो चालक ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही डीसीएम ने पहले टेंपो फिर बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई।
चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। देखा कि डीसीएम व बस चालक मौके से भाग गए हैं। टेंपो चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं टेंपो में बैठे विमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि विमलेश अलापुर से घर आने के लिए टेंपो में बैठे थे। बदायूं पहुंचने से पहले हुए हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव देखते ही परिजन बेसुध हो गए। पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेजकर जांच शुरू करा दी है। दोनों वाहनों के चालकों को पुलिस तलाश रही है।
उधर, हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने शव भेजने के बाद वाहनों को निकलवाकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे तक लगे जाम से लोग परेशान हो गए। इसमें एंबुलेंस से लेकर छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे।
हाईवे पर हादसे के बाद खड़े क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
हाईवे पर हादसे के बाद खड़े क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
हाईवे पर हादसे के बाद खड़े क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद