बदायूं के दातागंज क्षेत्र में पांच भाइयों में एक ही भाई की शादी हुई है। पत्नी को लेकर इनमें से दो भाई आपस में भिड़ गए। जिस भाई की शादी हुई है। उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तमंचा भी बरामद कर लिया।
दातागंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के चार भाई हैं। पांचों भाइयों में केवल उसकी ही शादी हुई है। बाकी सब कुंवारे हैं। बताते हैं कि बुधवार की सुबह उसकी पत्नी को लेकर दूसरे भाई से कोई बात हो गई। इस पर दोनों भाइयों ने एक दूसरे को ललकारा। जमकर गाली-गलौज हुई। नन्हें ने घर के बाहर आकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने घेरकर आरोपी को पकड़ा
इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। किसी ग्रामीण ने 112 पुलिस को फोन कर दिया। कुछ देर में ही पुलिस आ गई। आरोपी को भागने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस ने उसे घेर कर पकड़ लिया। उससे तमंचा भी बरामद कर लिया और थाने ले गए, जहां उससे पूछताछ जारी है।
सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि फायरिंग करने के आरोपी से तमंचा मिला है, पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।