दातागंज। थाना क्षेत्र में भूसे से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भूसे के साथ भरी गईं अंग्रेजी शराब की पेटियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, दातागंज क्षेत्र के गांव बिहारीपुर के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। ट्रक के पलटने का कारण चालक के नींद और नशे में होना माना जा रहा है। ट्रक में भूसी के अंदर अवैध शराब की बोतलें निकलीं। ट्रक चालक शाहजहांपुर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है। सीओ दातागंज अशेषनाथ सिंह ने बताया कि हादसा होने की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई अथवा ले जाई जा रही थी। ट्रक के कागजों और चेचिस नंबर के आधार पर ट्रक मालिक और चालक की पहचान की जा रही है।