बरेली-बिनावर निर्माणाधीन हाईवे पर पलटा ट्रक। संवाद
बिनावर। बरेली-मथुरा हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर गांव मलिकपुर के पास मक्के से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि परिचालक बाल-बाल सुरक्षित बचा। ट्रक सड़क पर पलटने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
बृहस्पतिवार शाम तीन बजे एक ट्रक बदायूं से बरेली की ओर मक्के की बोरियां लेकर जा रहा था। बिनावर से लगभग एक किलोमीटर आगे मलिकपुर के पास सड़क के कट और मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक स्वामी ने बताया कि ट्रक में चालक और परिचालक सवार थे। हादसे में चालक को चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए बरेली भेजा गया है। परिचालक को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। ट्रक स्वामी ने चालक और अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से यातायात को सामान्य कराया गया।
सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक ने मोड़ पर तेज गति ट्रक को मोड़ने का प्रयास किया। जिस कारण वह पलट गया। चालक को हल्की मामूली चोटें आई हैं।