बिल्सी। नगला डल्लू गांव में मंगलवाल की रात मंदिर पर चल रहे सुंदरकांड पाठ के दौरान कुछ लोगों ने मंडली के सदस्यों के साथ गालीगलौज कर लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया। इसमें एक युवक घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी रवित शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे गांव के पुराने शिव मंदिर पर श्री बागेश्वर बालाजी सुंदरकांड मंडली द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा था। इसी दौरान गांव का अनिल चौहान अपने दो पुत्रों गोलू ठाकुर और अभि ठाकुर के साथ वहां पहुंचा और मंडली के लोगों से गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया। इसमें रवित शर्मा घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे मंडली के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।