नदी में पड़ी कार के पास खड़ी पुलिस।
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में अधूरे पुल से नीचे गिरी कार उठाने पहुंची पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। रविवार को पुलिस जेसीबी के माध्यम से कार को नदी से निकालने पहुंची थी, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के चलते जेसीबी कार को सड़क तक नहीं पहुंचा पाई। अब क्रेन के माध्यम से पुलिस कार को नदी से बाहर निकालेगी।
दातागंज-बरेली के फरीदपुर जाने वाले मार्ग पर गांव मुड़ा के पास 24 नवंबर को कार अधूरे पुल से नीचे गिर गई थी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में नायब तहसीलदार की तहरीर पर चार अभियंताओं और गूगल मैप के क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ दातागंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने सभी को नोटिस भेजा था, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला।
विवेचना आगे बढ़ी तो पुलिस को कार की जरूरत पड़ गई। शनिवार को विवेचक नदी पर पहुंचे और कार को निकलवाने की व्यवस्था देखी। रविवार को पुलिस जेसीबी लेकर कार निकालने के लिए नदी पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से कार निकालने का प्रयास किया तो एक जेसीबी खराब हो गई। इसके बाद दूसरी जेसीबी मंगाई गई।
दूसरी जेसीबी के माध्यम से कार को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार जेसीबी से नहीं निकल पाई। जेसीबी भी रेत में फंस गई। अब सोमवार को क्रेन के माध्यम से कार निकाली जाएगी। प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि जेसीबी से कार नहीं निकली है। कार को निकालते वक्त जेसीबी भी फंस गई। अब क्रेन के माध्यम से कार निकलवाई जाएगी।