इमरजेंसी में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में वीगो लगाते ट्रेनी फार्मासिस्ट। संवाद
बदायूं। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण ट्रेनी फार्मासिस्ट को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में वीगो डालकर डि्रप लगानी पड़ी। ऐसी स्थिति दोपहर में थी। रात में इमरजेंसी के स्टाफ को रोशनी कम होने से और दिक्कत होती है।
गांव मुर्गारा जरासी निवासी रामौतार और उनका बेटा आदेश रंगाई पुताई कर कार्य करते है। शनिवार को वह गौरामई गांव में एक ग्रामीण के घर की पुताई करने गए थे। दोपहर को वह सीढ़ी से गिर गए। इससे उनके चेहरे और हाथ पैरों में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल लेकर आए। यहां इमरजेंसी में पर्याप्त रोशनी न होने की वजह से एक ट्रेनी फार्मासिस्ट ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर आदेश के हाथ में वीगो डाला। इसके बाद डि्रप लगाई। इसी तरह मारपीट के मामले में घायल एक युवक की चोट को भी फार्मासिस्ट मोबाइल की टॉर्च से देख कर डॉक्टर से दवा लिखवा रहे थे। वहीं, इमरजेंसी डॉक्टर से जब मोबाइल टॉर्च इस्तेमाल की बात कही तो उन्होंने कहा कि नस न दिखने की वजह से मोबाइल का इस्तेमाल किया जाता है।
-
-इमरजेंसी में कम रोशनी होने की शिकायत किसी स्टाफ ने नहीं की है। इस तरह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। किन्ही परिस्थितियों में टॉर्च लगाकर वीगो डाला गया। इस बारे में जानकारी करेंगे, अगर लाइट कम होगी तो उसे बढ़ाया जाएगा। - डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस