बदायूं। सावन मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी, जनपद के कछला गंगा घाट पर आने वाले कांवड़ियों की भीड़ के मद्देनजर भारी एवं हल्के वाहनों के संचालन के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। बदायूं नगर से गंगा घाट तक कांवड़ वाहनों के अतिरिक्त अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
तैयार कराए गए ट्रैफिक प्लान के अनुसार, प्रत्येक सोमवार और महाशिवरात्रि पर डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। डायवर्जन प्रत्येक शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके अतिरिक्त 11 अगस्त को महाशिवरात्रि पर भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इसमें ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजारा जाएगा।
यहां से होकर गुजारे जाएंगे भारी वाहन
- फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से आगरा, मथुरा और अलीगढ़ को जाने वाले भारी वाहनों को उसावां, म्याऊं चौकी से डहरपुर-दातागंज से गंगा एक्सप्रेस-वे से थाना वजीरगंज वनकोटा टोल प्लाजा से बिल्सी मुजरिया, सहसवान, गुन्नौर-नरौरा अलीगढ़ होते हुए अपने गंतव्य के लिए भेजे जाएंगे।
- बरेली से कासगंज, आगरा और अलीगढ़ को जाने वाले भारी वाहनों को गैनी आंवला-बिसौली, सहसवान, गुन्नौर-नरौरा अलीगढ़ होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद, संभल से कासगंज और आगरा जाने वाले भारी वाहनों को चंदौसी, बहजोई,, बबराला, गुन्नौर-नरौरा अलीगढ़ होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद, चंदौसी से फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर को जाने वाले भारी वाहनों को बिसौली (या वनकोटा वजीरगंज से गंगा एक्सप्रेस-वे) थाना दातागंज डहरपुर टोल प्लाजा से होते हुए अपने गंतव्य को भेजा जाएगा।
- कासगंज, आगरा से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर को जाने वाले भारी वाहनों को अलीगढ़ नरौरा से गुन्नौर होकर सहसवान, बिसौली, थाना वजीरगंज (वनकोटा टोल प्लाजा से गंगा एक्सप्रेस-वे) से होकर डहरपुर टोल प्लाजा से होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
- कासगंज, आगरा से बरेली को जाने वाले भारी वाहनों को अलीगढ़ नरौरा से गुन्नौर होकर सहसवान, बिसौली से आंवला, अलीगंज से अखा-गैनी होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
रोडवेज बसें और हल्के वाहनों का यहां से रहेगा आवागमन
- बदायूं से बरेली आने-जाने वाली रोडवेज बसों और अन्य हल्के वाहनों को नवादा चौकी से कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी रामगंगा होते हुए भेजा जाएगा।
- बदायूं से मुरादाबाद, नोएडा, दिल्ली को जाने वाली रोडवेज बसों और अन्य हल्के वाहनों को रोडवेज स्टैंड से खेड़ा नवादा चौकी से बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
- बदायूं से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर को जाने वाली रोडवेज बसों और अन्य हल्के वाहनों को रोडवेज बस स्टैंड से पुलिस लाइन चौराहे से होते हुए दातागंज तिराहे से रेलवे क्रॉसिंग होते हुए दातागंज-बेलाडांडी, जैतीपुर, मदनापुर, जलालाबाद होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा।
- बदायूं नगर से एटा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा को जाने वाले हल्के वाहन और रोडवेज बसों को जालंधरी सराय रोड़ से शेखूपुर, कादरचौक, कादराबाद होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा।
कांवड़ में 17 प्रमुख स्थानों पर रहेगा पुलिस का पहरा
यातायात संचालन के लिए कछला रोड सहसवान तिराहा, मुजरिया चौराहा, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़ तिराहा, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक बड़ा बाइपास, आंवला कुंवरगांव चौराहा बड़ा बाइपास, बीआरबी तिराहा बड़ा बाइपास, सरदार भगत सिंह चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, कैशव चौकी, डहरपुर, म्याऊं तिराहा, जालंधरी सराय चौराहा 17 प्रमुख स्थानों पर पुलिस एवं यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
सावन माह में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर डायवर्जन लागू रहेगा। 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त को सोमवार हैं। 11 अगस्त को महाशिवरात्रि है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के अनुसार व्यवस्था में संशोधन भी किया जा सकता है। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांति पूर्वक कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। - अभिषेक कुमार सिंह, एसपी (सिटी) व कांवड़ यात्रा नोडल