व्यापार मंडल की बैठक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। स्रोत- व्यापारी संगठन
बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक बैठक बुधवार को शहर में हुई। इसमें ऑनलाइन बिक्री का बहिष्कार कर व्यापारियों से स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री एवं ग्राहकों को जागरूक करने की रणनीति बनाई गई। संगठन का विस्तार करते हुए नरेश पाल शर्मा को नगर उपाध्यक्ष, अभिषेक रस्तोगी एवं अपूर्व राठौर को नगर मंत्री का दायित्व दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश मंत्री पवन जैन व संचालन नगर चेयरमैन दिनेश गुप्ता ने किया। इसमें व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी विदेशी वस्तुओं की बिक्री से परहेज करे क्योंकि ज्यादातर ऑनलाइन प्लेटफार्म भी विदेशी है जिससे बिक्री कराकर स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री पर पलीता लगा रही है। अब समय आ गया है खुदरा व्यापारी एकजुट होकर स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री पर जोर देते हुए ग्राहकों को जागरूक करने का कार्य करे। जिससे आगामी त्योहारों पर स्वदेशी कुटीर उद्योगों एवं छोटे मझौले व्यापार को बढ़ावा मिल सके। प्रदेश मंत्री ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि ऑनलाइन बिक्री पर अंकुश लगाया जाए जिससे स्वदेशी को बढ़ावा मिल सके। ऑनलाइन बिक्री से देश में छोटा एवं खुदरा व्यापार दम तोड़ रहा है उससे पुनर्जीवित करने के लिए केंद्र सरकार को नीतिगत फैसले लेना अतिआवश्यक है । इस मौके पर जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता, जिला महामंत्री राशिद सैफी, जावेद खान ,राहुल चौबे,राजेश गुप्ता, संजय रस्तोगी आदि व्यापारी मौजूद रहे।