पांच करोड़ के भुगतान, पर बाजार की अनदेखी
सभासदों और व्यापारियों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष हुमा बी के कार्यभार संभालने के बाद से लगभग पांच करोड़ रुपये का भुगतान विभिन्न कार्यों में किया जा चुका है। लेकिन नगर के मुख्य बाजार की सबसे गंभीर समस्या जलभराव का समाधान अब तक नहीं किया गया। पिछले माह तीन करोड़ रुपये के टेंडर भी निकाले गए, लेकिन उनमें बाजार क्षेत्र से संबंधित कोई कार्य शामिल नहीं था। कुछ सभासदों ने भी नाराजगी जताते हुए पहले बाजार की समस्या का समाधान करने की मांग की थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
भ्रष्टाचार और फर्जी हस्ताक्षर का मामला
नगर पंचायत अध्यक्ष पर लगभग दो करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होने की बात भी सामने आई है। वहीं, हाल ही में टेंडर प्रक्रिया में अधिशासी अधिकारी के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर निविदाओं में छेड़छाड़ का मामला भी प्रकाश में आया। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी द्वारा संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
नगर पंचायत की अध्यक्ष हुमा बी ने बताया कि बाजार क्षेत्र में नाले निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई थी, लेकिन राजनीतिक कारणों से टेंडर नहीं होने दिए गए। मैं व्यापारियों की पीड़ा समझती हूं, लेकिन कुछ लोग नगर के विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।