बदायूं। सावन का पहला सोमवार आज है। इसके मद्देनजर जिले के प्रमुख शिवालयों में रविवार आधी रात के बाद से ही शिवभक्तों की कतारें लगने लगी थीं। ब्रह्म मुहूर्त से जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले का जयघोष गूंजता रहा। कछला गंगाघाट से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। जलाभिषेक का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने जिले के 68 प्रमुख शिवालयों सहित अन्य मंदिरों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों ने रविवार सुबह से ही प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शहर के प्रमुख शिवालयों में गौरीशंकर मंदिर, बिरुआबाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में देररात के बाद श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राचीन शिवालयों में भी सुबह से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का क्रम लगातार जारी रहा।
स्पाई कैमरों से की जा रही निगरानी
कांवड़ यात्रा को लेकर कछला से बदायूं आने वाले मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी गई है। इसके लिए कांवड़ मार्ग पर स्पाई कैमरे लगाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान कोई भी घटना हो तो उसकी पूरी रिकॉर्डिंग पुलिस-प्रशासन की टीम के पास रहे। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बिजली, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। वहीं गौरीशंकर मंदिर पर पुलिस-प्रशासन की ओर से यातायात रूट चार्ट का होर्डिंग लगाया गया है।
पुलिस के साथ सादा कपड़ों में तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी
मंदिरों पर असामाजिक तत्वों पर निगाहें रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस-प्रशासन की ओर से सादा कपड़ों में सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए हैं। अगर किसी भी असामाजिक तत्व ने कुछ भी गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसकी खैर नहीं होगी।
यहां रहती है सर्वाधिक भीड़
गौरीशंकर मंदिर, बिरुआबाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर, पटना देवकली मंदिर, कछला गंगाघाट से जुड़े प्रमुख शिवालय, उझानी, बिसौली, बिल्सी, दातागंज और सहसवान के प्राचीन शिव मंदिर।
शहर में स्थित हर प्रसाद मंदिर। संवाद
शहर में स्थित हर प्रसाद मंदिर। संवाद
शहर में स्थित हर प्रसाद मंदिर। संवाद