बदायूं। तीन लोगों ने एक बेघर महिला को प्रधानमंत्री आवास दिलाने का झांसा देकर उसके नाम पर एक फाइनेंस कंपनी से फ्रिज और वाशिंग मशीन ले लोन पर ले लिया। अब कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के बड़े सरकार की दरगाह पर रहने वाली अंजुम पत्नी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास मकान नहीं है। इसलिए वह झोपड़ी में रहती हैं। मुजम्मिल ने उन्हें 10 हजार रुपये दुकान का सामान खरीदने को दिए थे। उन्होंने कुछ दिन बाद उन्हें दस हजार रुपये लौटा दिए थे। करीब डेढ़ माह पूर्व उनके पास मुजम्मिल व अनुज आए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन लाख रुपये का लोन करा देने की बात कही। इससे वह उनकी बातों में फंस गई। दोनों लोग उन्हें गौरीशंकर मंदिर के पास एक दुकान पर ले गए। जहां फ्रिज, वाशिंग मशीन के पास खड़े करके उनके फोटो खींच लिए और एक सादा कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया। 24 अक्तूबर 2023 को उनके मोबाइल पर एक फाइनेंस कंपनी की कॉल आई। बताया गया उनके नाम पर 30 हजार रुपये का ऋण है। इससे उनके साथ आरोपियों ने 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मोहल्ला कबूलापुरा निवासी मुजम्मिल, अनुज समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।