बदायूं । दातागंज कोतवाली पुलिस ने जबरन शादी के दबाव से तंग आकर एक महिला के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के मामले में आरोपी चचेरे देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी पिंटू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता है। उसकी पत्नी पूनम (30) घर पर बच्चों का पालन पोषण करती थी। आरोप है कि उसका चचेरा भाई नन्नू पुत्र देवेंद्र उसकी पत्नी को बहकावे में लेकर अपने जाल में फंसा लिया था। वह उसपर शादी करने का दबाव बनाने लगा। चार मार्च की रात उसने पत्नी को बहला फुसलाकर घर बुला लिया। उसने पत्नी पर भाग जाने का दबाव डाला। विरोध करने पर पत्नी को प्रताड़ित किया। पत्नी ने उसकी प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आरोपी नन्नू उसे तड़पता देख वहां से भाग गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नन्नू के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।