उझानी। कछला घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन को जाते समय बाइक सवार तीन लोगों को दूसरी बाइक ने रौंद दिया। तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब तीन बजे जीबी पंत डिग्री कॉलेज के सामने हुआ। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा-भदरौल निवासी गणेश भक्त प्रतिमा विसर्जन के लिए बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से निकले। घाट पर पहुंचने से पहले ही एक राहगीर की बाइक गणेश भक्तों की टोली में आ गई।
टक्कर लगते ही दूसरी बाइक पर सवार चुन्नीलाल (50) पुत्र नेतराम, रामदास (55) पुत्र सुखलाल और राकेश (40) पुत्र हुमानी लाल घायल हो गए। उनके साथियों ने फोन करके पीआरवी के पुलिस कर्मियों को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस ने तीनों घायलों का यहां अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार कराया। गंभीर रूप से घायल चुन्नीलाल और राकेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। संवाद