बदायूं/बिल्सी। पंडौल की पुलिया के पास 30 दिसंबर को पेट्रोल पंप कर्मचारियों हुई हुई दो लाख रुपये की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को बिल्सी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल दो बाइक, दो तमंचा, पांच कारतूस और लूट के एक लाख दो हजार सात सौ रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ओपी सिंह ने नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
उघैती क्षेत्र में स्थित देव फिलिंग स्टेशन के कर्मचारी राम खिलाड़ी यादव और चौकीदार राजपाल 30 नवंबर को दोपहर के वक्त बिल्सी एसबीआई में जमा करने के लिए दो लाख रुपये लेकर निकले थे। रास्ते में पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने इनको पिंडौल की पुलिया के पास घेर लिया। बदमाशों ने असलहों के बल पर बैग में रखा दो लाख रुपया लूट लिया और बिल्सी की ओर भाग गए। दिन दहाड़े हुए लूट की घटना से व्यापारियों में गुस्सा था। एसएसपी ओपी सिंह ने खुलासा करने के लिए बिल्सी पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया। एसएसपी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया। बताया कि पुलिस और एसओजी टीम ने बदमाशों को ट्रेस करने के बाद शानू निवासी भीकमपुर, धर्मेंद्र यादव निवासी मुजरिया थाना मुजरिया और गुड्डू शाह निवासी सिरासौली पट्टी कुंवर सहाय थाना बिल्सी को गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों ने स्वीकार किया कि वह लूट की गई दिन से योजना बना रहे थे। धर्मेंद्र देव फिलिंग स्टेशन का पूर्व कर्मचारी है। उसे फिलिंग स्टेशन स्वामी ने करीब एक साल पहले नौकरी से हटा दिया था। धर्मेंद्र को काफी जानकारियां थीं। उसी ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की रेकी की। इसके बाद मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दिया। घटना में शामिल दो अन्य साथियों के नाम बदमाशों ने नईम निवासी भीकमपुर हरदोपट्टी थाना मुजरिया और जफरुद्दीन उर्फ जफर निवासी बेहटा गोसाई बताए हैं। इनकी पुलिस तलाश कर रही है।
अलग-अलग थानों में दर्ज हैं 12 मामले
बदायूं। गिरफ्तार बदमाशों का पुलिस ने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो चौंकाने वाली चीजें सामने आईं। बदमाशों के खिलाफ संगीन अपराधों में बिल्सी, वजीरगंज, सहसवान, मुजरिया के अलावा संभल के रजपुरा, बनियाठेर में 12 मामले दर्ज हैं। बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।