बदायूं। रविवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान तीन किसानों की मौत हो गई। जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान दो मवेशी भी मरे हैं। सहसवान इलाके में बिजली गिरने से तो कुंवरगांव क्षेत्र में पेड़ गिरने और वजीरगंज क्षेत्र में दीवार गिरने से किसानों की मौत हुई है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सहसवान में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगलावरन निवासी परशुराम (25) पुत्र बलवीर रविवार शाम करीब तीन बजे अपने भाई लालू के साथ गंगा किनारे पालेज से तरबूज तोड़कर अपनी बैलगाड़ी से घर लौट रहे थे। बताते हैं कि दोनों भाई महावा नदी के बांध के पास पहुंचे थे कि तभी तेज गड़गड़ाहट के साथ आसमान में बिजली चमकने लगी। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले बिजली उनकी बैलगाड़ी के ऊपर आ गिरी। चपेट में आने से परशुराम और उनका एक बैल जमीन पर गिर गए। जबकि लालू बिजली कड़कते ही बैलगाड़ी से कूदकर दूर जा गिरे। बैल की उसी समय मौत हो गई। उसने इस हादसे के बारे में परिवार वालों को सूचना दी। जिससे किसान के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। फिर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परशुराम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। आठ दिन पहले उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था। वजीरगंज के मीरापुर गांव में रामवीर (40) पुत्र देशराज आंधी-पानी के दौरान दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई।
सिलहरी/कुंवरगांव। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाबट निवासी बंगाली पटेल (47) पुत्र वीरेंद्र सिंह रविवार को अपने खेत पर सिंचाई करने गए थे। शाम करीब तीन बजे आई आंधी बरसात से बचने को वह बाग में पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उसी समय एक पेड़ की डाल उनके ऊपर टूटकर गिर गई, जिससे दबकर बंगाली की मौत हो गई। इस पर किसान के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, गुरुपुरी विनायक में प्रमोद की भैंस के ऊपर बिजली का पोल टूटकर गिर गया। जिससे उनकी भैंस मर गई।
कादरचौक। थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदगंज निवासी फरीन (15) पुत्री लुकमान आंधी और बरसात आने के दौरान अपनी बकरी खोल रही थी। उसी समय अचानक पड़ोसी जाबिर के घर की दीवार उसके ऊपर गिर गई, जिससे दबकर किशोर घायल हो गई। जबकि उसकी बकरी मौके पर मर गई। परिवार वाले किशोरी को स्वास्थ्य केंद्र ले गए हैं।