बदायूं। जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। यह कदम ग्रामीणों की रोजमर्रा की यात्रा और आवागमन को आसान बनाने के लिए उठाया गया है। विभाग ने इसके लिए 11.90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही निर्माण कार्य के लिए धनराशि मिलने की संभावना है।
जिले के चयनित इन मार्गों की कुल लंबाई लगभग 27 किलोमीटर है। इनमें पहला मार्ग दातागंज के समरेर से मौसमपुर तक 5.6 किलोमीटर लंबा होगा, जिसकी अनुमानित लागत 1.45 करोड़ रुपये है।
दूसरा मार्ग दौलतपुर से दबतोरी होते हुए आसफपुर तक 12.2 किलोमीटर लंबा है। इसे बनाने पर 3.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। तीसरा मार्ग बिसौली से नगला डल्लू होकर कछला तक 8.3 किलोमीटर लंबा होगा। इसकी लागत 3.04 करोड़ रुपये है। इन संपर्क मार्गों के बनने से करीब 10 गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और खराब सड़क की वजह से उनके लिए आवागमन हमेशा मुश्किल रहा है। अब नए मार्ग बनने के बाद बच्चों के स्कूल आने-जाने, मरीजों के अस्पताल तक पहुंचने और ग्रामीणों की अन्य रोजमर्रा की गतिविधियों में काफी सुविधा होगी। आरईएस एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि प्रस्ताव में मार्गों के निर्माण की विस्तृत योजना शामिल है। सभी मार्गों का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुसार किया जाएगा, ताकि लंबे समय तक यह ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हों।