कादरचौक थाने में बरामद सामान के साथ खड़े चोरी के आरोपी। स्रोत-पुलिस
कादरचौक। पंचायत कार्यालयों में ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले छह शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। उनके पास से एक कार व चोरी का सामान बरामद किया है।
थाना क्षेत्र के गांव नरायनपुर गांव के पास निर्माणाधीन टंकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रोका। पुलिस उसकी तलाशी ले रही थी कि पीछे से एक छोटा हाथी आया तो पुलिस ने उसको भी रोक लिया। कार में छह लोग सवार थे। छानबीन में सामने आया कि कार सवार चोर हैं और यह ग्राम पंचायत कार्यालयों के रात में ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का काम करते आ रहे हैं।
पूछताछ में चोरों ने अपना नाम शादाब खान निवासी गौरामई, वेदप्रकाश उर्फ कन्हैया, ओमेन्द्र, चिम्मन लाल, धीरेन्द्र प्रताप सिंह निवासी चितौरा धनौरा थाना अलापुर व पप्पू उर्फ फरहान निवासी मोहल्ला खंडसारी छह सड़का थाना कोतवाली सदर बताया। इनके कब्जे से एक बैट्रा, एक कम्प्यूटर मॉनीटर, एक यूपीएस, तीन एलसीडी, दो इन्वर्टर, बैगनार कार व छोटा हाथी व एक तमंचा बरामद किया।
वहीं, इस दौरान आरोपी वीरेन्द्र यादव उर्फ वीरू निवासी अठर्रा कुनिया थाना अलापुर चकमा देकर भाग गया। शादाब ने बताया कि सात लोगों का गैंग है। उनका काम पंचायत कार्यालयों में चोरी करना है, क्योंकि यहां कोई नहीं रहता है। अलापुर समेत सिविल लाइन, कोतवाली क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं की हैं।