उझानी। बिसौली से क्लीनिक पर लौटते समय बाइक सवार डॉ. राकेश शर्मा को हार्टअटैक आ गया। वह सफर पूरा कर पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बिसौली क्षेत्र में आसफपुर निवासी राकेश शर्मा (55) कछला कस्बे में निजी प्रैक्टिस करते थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे क्लीनिक बंद करके वह बिसौली चले गए। शनिवार सुबह बाइक से लौटते समय कछला के पास एक ढाबा के सामने अचानक ही उन्हें बेचैनी सी महसूस हुई। बाइक सड़क किनारे खड़ी कर वह जमीन पर लेट गए। बेहोशी की हालत में उन्हें पड़ा देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस कर्मी उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही राकेश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। आसफपुर से उनके परिजन मौके पर आ गए। मृतक के बड़े बेटे सौरभ ने बताया कि उनका इलाज भी चल रहा था। इससे पहले भी एक बार अटैक आ चुका था। कछला चौकी प्रभारी योगराज सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया। शव लेकर परिजन घर चले गए।