बिसौली के शहीद मोहित राठौर के परिजन बदायूं कलेक्ट्रैट के सामने। संवाद
बदायूं। बिसौली में शहीद मोहित राठौर के नाम से बनवाए जा रहे पार्क के रास्ते का समाधान अब तक नहीं हुआ है। इस मामले को लेकर शहीद का परिवार एडीएम कार्यालय पहुंचा। उनसे मुलाकात न होने पर मायूस होकर लौट आए हैं।
शहीद मोहित राठौर के पिता नत्थू सिंह राठौर ने बताया कि 15 दिन पहले तहसीलदार विजय शुक्ला ने एक सप्ताह में रास्ते के निस्तारण का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में रिपोर्ट एडीएम को भेजी जा चुकी है। शहीद परिवार का कहना है जब शहीद का अंतिम संस्कार हुआ था तब अधिकारियों ने हर संभव मदद का वचन दिया था। आज परिवार मात्र चार मीटर रास्ते के लिए दर-दर भटका रहा है। शहीद के पिता के साथ पूर्व सैनिकों ने भी चेतावनी दी है। यदि शीघ्र रास्ते का निस्तारण नहीं हुआ तो वे बदायूं मालवीय आवास पर धरना देंगे। जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नत्थू सिंह राठौर, सोमपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष बगरैन रितेश चौहान तथा वेदपाल सिंह शामिल रहे।