देवी मंदिर जाने का मार्ग किनारे कचरे के ढेर से निकलती लपटें। संवाद
वजीरगंज। आंवला मार्ग पर स्थित राजेश्वरी मंगला माता देवी मंदिर के समीप नगर पंचायत की ओर से कचरा डाले जाने से श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर उनमें आक्रोश है। दुर्गंध से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। कचरा निस्तारण के नाम पर उसमें आग भी लगा दी जाती है, जिससे सड़क किनारे के पेड़ भी झुलसकर नष्ट हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवी मंदिर को जाने वाली सड़क के किनारे कचरे से भर गए हैं। कचरा निपटान की जगह उसमें अक्सर आग भी लगा दी जाती है, जिससे उठने वाला धुआं वातावरण को दूषित कर रहा है। धुएं के कारण राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वहीं सड़क किनारे लगे पेड़ भी जलकर नष्ट हो रहे हैं। जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
श्रद्धालुओं में दिनेश गुप्ता, सोमवीर, रामवीर, सूरज पाल का आरोप है कि मंदिर के पास कचरा डाला जाना आस्था का भी अपमान है। उन्होंने नगर पंचायत से मांग की है कि कचरा निस्तारण के लिए वैकल्पिक स्थान तय किया जाए और मंदिर व मुख्य सड़क मार्ग को साफ-सुथरा रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को राहत मिल सके।
अगर प्रसिद्ध देवी मार्ग के किनारे कचरा डाला जा रहा है तो यह गलत है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -राजेश कुमार, ईओ, नगर पंचायत वजीरंगंज