प्रभारी डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में सीडीओ, प्रभारी डीएम प्रताप सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी को प्रात: सात बजे प्रभात फेरी, नौ बजे कलक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में माहिलाओं और पंद्रह वर्ष से कम आयु वालों की दौड़ प्रतियोगिता होगी। 9.15 बजे गांधी नेत्र चिकित्सालय में ध्वजारोहण,1.30 बजे से शैक्षिक संस्थाओं में खेलकूद प्रतियोगिताएं और मलिन बस्तियों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिला कारागार, पुरुष एवं महिला चिकित्सालय में स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा फल वितरित भी किए जाएंगे। 11.50 बजे बदायूं क्लब में ध्वजारोहण होगा। मध्याह्न 12 बजे एनसीसी, स्काउट गाइड होमगार्ड द्वारा रूट मार्च और भारत माता की शोभायात्रा निकाली जाएगी। कुवंर रूकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज नगला में कक्षा नौ से 12 तक छात्रों की भाषण प्रतियोगिता, सायं पांच बजे नगर पालिका परिषद में सार्वजनिक सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और सायं आठ बजे कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा। चार बजे कछला स्थित कुष्ठ आश्रम में सीएमओ द्वारा कुष्ठ रोगियों को फलों का वितरण किया जाएगा।
भवनों पर की जाएगी रोशनी
बदायूं। प्रभारी डीएम ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सभी सरकारी और अर्ध सरकारी भवनों को प्रकाशमान किए जाने के निर्देश दिए। व्यापारियों से अपील की है कि वह भी 25 जनवरी के रात्रि में अपने-अपने प्रतिष्ठानों को अवश्य प्रकाशमान करें। इस अवसर पर एडीएम राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव, नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।