कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगरीय क्षेत्र की छात्राओं ने सोमवार को अमर उजाला के दोस्त
बदायूं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगरीय क्षेत्र की छात्राओं ने सोमवार को अमर उजाला के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत महिला थाने का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के कामकाज का तरीका करीब से जाना। साथ ही यह समझा कि थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई किस तरह होती है।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभारी ज्योति सिंह ने बताया कि किसी भी अपराध की सूचना दर्ज कराने के लिए सबसे पहले एफआईआर लिखी जाती है। इसके बाद विवेचना की जाती है और आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए जाते हैं। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला अपराधों की रोकथाम और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा है। किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत शिकायत करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। छात्राओं को थाने का सीयूजी नंबर, डायल-112 और वूमेन हेल्प लाइन नंबर 1090 जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि स्कूल आते-जाते समय अगर कोई परेशान करता है तो तुरंत इसकी शिकायत करें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सवाल-जवाब भी किए। छात्रा पूनम ने पूछा कि शिकायत दर्ज कराने में कितना समय लगता है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज करना बहुत आसान है। अधिकतर मामलों में कुछ ही मिनटों में एफआईआर दर्ज हो जाती है। यदि मामला गंभीर है तो तुरंत कार्रवाई की जाती है।