बदायूं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सक्रिय हो गयी है। शुक्रवार को टीम ने रसूलपुर से नवादा होते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज तक और वहां से कछला घाट तक दोनों तरफ व आसपास के क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीमों ने ढाबा, होटल, रेस्टोरेंट, स्थायी व अस्थायी स्टाल, पंडाल आदि खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 25 नमूने भरे।
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त (द्वितीय) सीएल यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी ढाबे व रेस्टोरेंट पर फूड्स सेफ्टी कनेक्ट एप से संबंधित साइनेज को चस्पा कराया, ताकि कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालु संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान के संबंध में संपूर्ण जानकारी मिल सके।
खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया है कि वह अपना खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण मुख्य स्थानों पर चस्पा अवश्य करें। खाद्य प्रतिष्ठान पर विक्रय करने वाले खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची (रेट लिस्ट) अवश्य प्रदर्शित करें। सभी संचालक खान-पान के स्थानों पर साफ सफाई की व्यवस्था रखंगे। कांवड़ यात्रा मार्ग में स्थित मीट/मछली, अंडा आदि की बिक्री को बंद करने को निर्देशित किया जा रहा है। विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 25 नमूने लिए गए। जांच के लिए लैब भेजा गया है।