कादरचौक। रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेला में तैयारियों ने अब तेजी पकड़ ली है। रविवार को गंगा की उपधारा में जलस्तर बढ़ाने के लिए पंप और बल्लियों के सहारे पानी का बहाव मोड़ने की कवायद तेज कर दी गई है। वहीं मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कोतवाली सक्रिय हो गई है।
गंगा की उपधारा में पानी कम होने से मुख्य स्नान को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में मुख्य धारा से पानी लाने की कोशिश मेला तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है। अधिकारियों और इंजीनियरों की निगाहें इस प्रयास की सफलता पर टिकी हैं। यदि पानी का बहाव मोड़ने में सफलता मिलती है तो श्रद्धालुओं को स्नान के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। दूसरी ओर मेले में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। गंगा में स्नान के साथ कल्पवासी अपने-अपने प्लाटों को घेरकर भूमि समतल करने में जुटे हैं। वहीं श्रद्धालु भी पहुंचा शुरू हो गए हैं।
कोतवाली में मेस शुरू, पुलिसकर्मियों ने संभाली कमान
मेला कोतवाली में मेस शुरू हो गई है। कोतवाल अश्वनी कुमार शर्मा, मुंशी और स्टाफ ने कोतवाली में रहना शुरू कर दिया है। रविवार से पुलिस बल की आमद शुरू होने की तैयारी है। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी और अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है।
एक हजार पुलिसकर्मी, महिला कांस्टेबल और घुड़सवार भी रहेंगे तैनात
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों के साथ होमगार्ड और पीआरडी जवानों की तैनाती की योजना है। इसके अलावा 250 स्काउट, एक प्लाटून फ्लड टीम, 15 चौकियां, 150 महिला कांस्टेबल और चार घुड़सवार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे। फायर ब्रिगेड की दो प्लाटून भी मेले में तैनात रहेंगी।
मौत का कुआं और झूलों से गुलजार होने लगा मेला
मेला ककोड़ा में मनोरंजन के साधनों की भी शुरुआत हो गई है। मौत का कुआं, झूले, ड्रैगन, टोरा-टोरा सहित विभिन्न खेल-तमाशे लगने लगे हैं। दुकानदारों और मनोरंजन संचालकों ने अपने-अपने स्थानों पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इससे मेले में रौनक बढ़ने लगी है। गंगा स्नान, कल्पवास, सुरक्षा व्यवस्था और खेल-तमाशों के साथ मेला ककोड़ा धीरे-धीरे अपने पूरे स्वरूप में आने लगा है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ घाट पर गोताखोर भी मौजूद रहेंगे। - अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी
सुरक्षा रहेगी मजबूत, गंगा तट पर बनेंगे 25 वॉच टावर
कादरचौक। ककोड़ा मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंगा तट पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है। गंगा में स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कुल 25 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इनमें पांच बड़े वॉच टावर बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि शेष 20 टावरों का निर्माण जारी है।
इंजीनियर पवन कुमार गोयल ने बताया कि गंगा तट पर बनाए जा रहे इन वॉच टावरों से स्नान घाटों और आसपास के क्षेत्रों पर निगरानी रखी जाएगी। खासकर मुख्य स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है। वॉच टावरों पर तैनात निगरानी कर्मी गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर भी नजर रखेंगे और उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकेंगे। संवाद
बदायूं के मेला ककोड़ा में तैयार होता वाच टॉवर। संवाद
बदायूं के मेला ककोड़ा में तैयार होता वाच टॉवर। संवाद