बिल्सी में रोडवेज बस स्टैंड के पास बना रहा नाला फिर टूट गया। संवाद
बिल्सी। बृहस्पतिवार शाम हुई तेज बरसात में नगर पालिका परिषद की ओर से रोडवेज बस स्टैंड के पास बनवाया जा रहा नाला फिर से गिर गया। लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए। यह मामूली बरसात भी नहीं झेल पा रहा है।
रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। इसी बस स्टैंड को जोड़ने वाले गांव अंगोल के रोड पर भैंसोर नदी के नाले का निर्माण नगर पालिका परिषद की ओर से कराया जा रहा है। पिछले दो माह से नगर पालिका परिषद 24 लाख रुपये से 200 मीटर नाले का निर्माण करवा रहा है। बीती रात हुई बरसात में नाला निर्माण की गुणवत्ता की पोल फिर से खोल दी और वह मामूली बरसात में ही ध्वस्त हो गया।
नगर के लोगों ने जब शुक्रवार की सुबह इस नाले को ध्वस्त हालत में देखा तो गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। इससे पहले यह नाला 16 जून की बरसात में टूट कर ध्वस्त हो गया था।
नगर पालिका परिषद की चेयरमैन ज्ञानदेवी सागर ने बताया कि नाला अभी निर्माणाधीन है। नगर पालिका तभी इसका भुगतान करेगी, जब ठेकेदार नाला निर्माण पूरा कर देगा। निर्माण पूरा होने तक इसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की है।