उझानी। कांवड़ यात्रा में भोले के जयकारों से शुक्रवार हाईवे गूंजता रहा। डीजे साउंड सिस्टम के सामने कलाकारों के साथ थिरकते कांवड़ियों को देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। इससे पहले सैकड़ों की संख्या में कांवड़ियों ने गंगाघाट पर आस्था की डुबकी लगाई। कांवड़ पूजन कर यात्रा शुरू की।
सावन के अंतिम सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों की टोली कछला घाट पर पहुंचने और कांवड़ यात्रा शुरू करने का दौर पूरे दिन चला। निजी वाहनों और बाइकों से घाट पर पहुंचे कांवड़ियों ने गंगा स्नान के बाद पूजन किया। घाट पर गंगा मइया जयकारे गूंजते रहे। पुरोहित रामबाबू शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह तक कांवड़ियों की संख्या में निरंतर इजाफा होता रहेगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैक्टर- ट्रॉलियों और पिकअप वाहनों पर थिरकते कलाकारों ने धूम मचा दी। कई टोलियों के साथ वाहनों पर डीजे साउंड ने कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया। बरेली के भोजीपुरा निवासी ट्रैक्टर- ट्रॉली के साथ निकले कांवड़ियों की टोली में शामिल सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टोली सैकड़ों शिवभक्तों की मौजूदगी में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा बदायूं, पीलीभीत और कासगंज जिले के कांवड़ियों की टोलियां जलाभिषेक के लिए निकल पड़ी हैं।
भंडारे में छके कांवड़िये, गूंजे जयकारे
कांवड़ियों के सेवा के लिए शुक्रवार को भी सेवादारों ने दिल खोलकर व्यवस्था की। छतुइया फाटक के पास सेवादारों में उमाशंकर शर्मा, जीवाशंकर, रिंकू, इंद्रावती, जूही, सुषमा, जितेंद्र, मोहित और सुधांकर तिवारी ने सब्जी पूड़ी, छोले पुलाव का प्रसाद वितरित किया। इसके अलावा मुख्य बाजार और बदायूं रोड किनारे भी भंडारे आयोजित किए गए।
कछला से भोजीपुरा को निकली कांवड़ियों की टोली। संवाद