बदायूं। पंचायत चुनाव को लेकर जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य पूरा हो गया है। जिले में शुद्धिकरण प्रक्रिया के बाद कुल 57,991 नए मतदाता जुड़े हैं। मतदाता संख्या में यह वृद्धि 2.99 प्रतिशत के करीब है।
वर्ष 2021 में जिले में कुल 19,39,675 मतदाता पंजीकृत थे। अब यह संख्या बढ़कर 19,97,666 हो गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी नए मतदाताओं के पंजीकरण, पात्र लोगों के नाम जोड़ने और अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटाने के बाद हुई है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है।
जिला प्रशासन ने बताया कि शुद्धिकरण अभियान के दौरान कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर सत्यापन कराया गया। इसमें ऐसे युवाओं के नाम जोड़े गए, जो अब मतदान की आयु पूरी कर चुके हैं। वहीं, स्थायी रूप से बाहर चले गए या मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इससे मतदाता सूची अधिक सटीक हो सकी है।
अधिकारियों के मुताबिक, बढ़ी हुई मतदाता संख्या से पंचायत चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होगी। पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव होने हैं, जिनमें यह मतदाता सूची आधार बनेगी।
23 दिसंबर को किया जाएगा मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन
जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण होने के बाद अब सूची का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर 23 दिसंबर को यह प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 24 से 30 दिसंबर के बीच में दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रमेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि इस दौरान नाम शामिल कराने के लिए मतदाता फॉर्म-2, किसी प्रविष्ट में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-3 भरना होगा। साथ ही सूची में शामिल नाम पर अगर कोई आपत्ति है तो फॉर्म-4 भरना होगा। इसके बाद फाॅर्म को संबंधित बीएलओ या तहसील में जमा करना होगा।
मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य पूरा हो गया है। जिले में 57991 नए मतदाता जुड़े हैं। अब जिले में 19,97,666 मतदाता हो गए हैं। यह वृद्धि 2.99 फीसदी के करीब है। -अरुण कुमार, एडीएम (प्रशासन)