उझानी। कछला नगर पंचायत के नामित सदस्य रिंकू सूर्यवंशी ने पीआरवी के सिपाही पर धार्मिक टिप्पणी को लेकर गाली गलौज करने का आरोप लगाया है।
रिंकू सूर्यवंशी ने बताया कि कि कछला सीएचसी परिसर में मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद भंडारे के आयोजन के लिए बृहस्पतिवार दोपहर तैयारियां चल रही थीं। उसी दौरान अचानक पीआरवी से पुलिसकर्मी आ गए। एक पुलिसकर्मी से जब उन्होंने अस्पताल के सामने से सिर्फ एक दिन के लिए मीट-मछली की अस्थायी दुकानें बंद कराने को कहा तो वह भड़क गए। आरोप है कि सिपाही ने देवी- देवताओं का नाम लेकर धार्मिक टिप्पणी भी की।
नामित सदस्य ने इसकी शिकायत फोन करके भाजपा विधायक हरीश शाक्य से भी की है। सूर्यवंशी ने बताया कि सिपाही को लोगों ने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। इसे लेकर करीब 20 मिनट तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। इधर, कछला चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सिपाही अपने परिजन को दवा दिलाने अस्पताल गया था। सदस्य और सिपाही के बीच क्या बात हुई है, उन्हें जानकारी नहीं है। संवाद