बदायूं। दातागंज-बदायूं मार्ग पर रोडवेज बस में किराया लेकर यात्रियों को टिकट न देने वाले परिचालक अमृतलाल को बुधवार देर शाम बर्खास्त कर दिया गया। सचल दल ने 11 मार्च को चेकिंग में नौ यात्री बेटिकट पकड़े थे। सचल दल की रिपोर्ट पर आरएम बरेली के आदेश पर परिचालक के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
दातागंज-बदायूं मार्ग पर गुलड़िया बस स्टैंड पर सचल दल में शामिल टीएस संजीव कुमार, यातायात निरीक्षक रजनीश कुमार और सहायक यातायात निरीक्षक अभिषेक कुमार ने अनुबंधित बस चेक की थी। उसमें कुल 17 यात्री सवार थे। इनमें से नौ यात्री बिना टिकट पाए गए थे। बस पर चालक गजेंद्र और परिचालक अमृतलाल तैनात थे। यात्री बदायूं बस स्टैंड से सवार हुए थे। परिचालक ने यात्रियों से किराया तो ले लिया था, लेकिन टिकट नहीं दिए थे।
सचल दल के अधिकारियों ने टिकट न देने का कारण पूछा तो तो अमृतलाल ने माफी मांगते हुए कहा था कि उससे गलती हो गई। सचल दल ने यात्रियों के बयान दर्ज करते हुए उसकी वीडियो बनाकर आरएम बरेली को भेजी थी। उसके बाद से परिचालक को रूट पर जाने से रोक दिया गया था। बुधवार देर शाम आरएम के आदेश पर उसकी सेवा समाप्त कर दी गईं।
- यात्रियों को बिना टिकट सफर कराने वाले परिचालक को बर्खास्त कर दिया गया है। शाम को बरेली से यह आदेश मिला था। इसके बाद परिचालक पर कार्रवाई की गई। - धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम