बदायूं। क्षेत्रीय अध्यक्ष के पहली बार बदायूं आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने रविवार को पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। जगह-जगह समर्थकों की भीड़ और वाहनों के लंबे काफिलों के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। लालपुल, कचहरी मार्ग, पुलिस लाइन, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा क्षेत्र में वाहन रेंगते नजर आए। जाम में फंसे लोगों को उमस और गर्मी के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
शहर में सबसे अधिक दबाव इंदिरा चौक, कचहरी, लालपुल समेत अन्य मुख्य मार्गों पर देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम के दौरान समर्थकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने और काफिले के धीरे-धीरे आगे बढ़ने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात बिगड़ते देख यातायात पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कचहरी व लालपुल पर वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में दोनों ओर काफी संख्या में वाहन फंस गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक डायवर्ट करने का फैसला लिया। बदायूं से आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को नवादा और बाइपास मार्ग से भेजा गया। कई भारी वाहन भी वैकल्पिक मार्गों से निकाले गए। पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े रहकर ट्रैफिक नियंत्रित करते रहे। वहीं व्यापारी राम गुप्ता, सोमेश शर्मा आदि का कहना है कि जाम के कारण बाजारों में आने वाले ग्राहकों की संख्या भी प्रभावित हुई।
रविवार न होता तो और गंभीर हो सकती थी स्थिति
रविवार होने के कारण स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद थे, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में यातायात का दबाव कम था। बावजूद इसके स्वागत कार्यक्रमों के कारण शहर की सड़कें जाम से जूझती रहीं। लोगों का कहना है कि यदि यही कार्यक्रम कार्य दिवस में होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। वहीं पुलिस कर्मचारी कार्यक्रम समाप्त होते ही धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराने में लग गए।
गलियों में भी लगा जाम
लालपुल पर लगे जाम से बचने के लिए लोगों ने आसपास की गलियों से निकलने की कोशिश की। गलियां संकरी होने की वजह से वहां पर ज्यादा वाहन पहुंचने पर जाम की स्थिति बन गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई है।
शहर में कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति बनी थी, जिसे तुरंत ही खुलवा दिया गया था, ताकि लोगों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वागत जुलूस करीब एक से डेढ़ घंटे में संपन्न हो गया था। - अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी
जाम में फंसी छात्रा की परीक्षा पुन: कराने की मांग
बिल्सी। मोहल्ला संख्या एक खैरी रोड निवासी छात्रा नैंसी माहेश्वरी का दो जुलाई को आयोजित यूपी टीईटी का केंद्र बरेली था। बरेली सिटी में रैली के कारण जाम में फंसने से वह समय पर परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच सकी थी। रविवार को कांग्रेस (केकेसी) के जिलाध्यक्ष फरियाद अली ने घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शासन से मानवीय आधार पर दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। वहीं नैंसी के परिजनों ने भी मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग से एक और अवसर देने की अपील की है। संवाद
टीईटी परीक्षा से वंचित रही छात्रा नैंसी से मुलाकात करते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद
टीईटी परीक्षा से वंचित रही छात्रा नैंसी से मुलाकात करते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद
टीईटी परीक्षा से वंचित रही छात्रा नैंसी से मुलाकात करते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद
टीईटी परीक्षा से वंचित रही छात्रा नैंसी से मुलाकात करते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद