उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव जमरौली के पास चकमार्ग (चकरोड) को लेकर विवाद सड़क पर आ गया। पैमाइश के बाद मनरेगा के मजदूरों ने चकरोड बना दिया। खेत मालिक और उसके परिजनों ने उसे ढहा दिया। मौके पर पहुंचीं प्रधान और उनके पति पर हमला कर दिया गया। ब्लॉक क्षेत्र के गांव जमरौली की प्रधान शालिनी ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
जमरौली निवासी रामदास के खेत से लीलाधर के खेत तक चकरोड का निर्माण पिछले दिनों शुरू हुआ था। करीब 250 मीटर दूरी के चकरोड का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है। बृहस्पतिवार शाम तक भी मनरेगा के मजदूरों ने काम किया। इसके बाद शुक्रवार दोपहर में एक खेत के मालिक और उसके परिजन मौके पर पहुंचे और कहासुनी के बाद चकरोड ढहा दिया। आरोप है कि प्रधान और उनके पति चंद्रभान सिंह मौके पर पहुंचे तो पड़ोसी खेत मालिक ने उन पर फावड़े से हमला कर दिया। फावड़ा लगने से चंद्रभान लहूलुहान हो गए। घायल चंद्रभान ने बताया कि चकरोड का निर्माण पैमाइश के बाद ही शुरू कराया गया था। राजस्व कर्मियों ने पैमाइश की थी। इसके बाद ग्राम पंचायत के सचिव ने काम शुरू कराया था। प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के तहत कार्रवाई के लिए अब्दुल्लागंज चौकी पर शिकायत की गई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि इस तरह का कोई मामला कोतवाली नहीं आया है।
-