गुलड़िया। साली की शादी में शामिल होने आए युवक का गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से शनिवार सुबह शव लटका मिला। युवक शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के गांव बिनौरा का रहने वाला था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव उतरना निवासी कुंवरपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी संगीता की शादी आकाश (25 साल) पुत्र ओमपाल के साथ की थी। शुक्रवार को उनकी छोटी बेटी नीरज की शादी थी। बेटी व दामाद अपने दो साल के बेटे गोलू के साथ शामिल होने आए थे। बारात चढ़ने से लेकर खाना खाने तक आकाश का किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ था, बावजूद इसके उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह समझ नहीं आ रहा। कुंवरपाल ने बताया कि आकाश के माता-पिता बिहार में रहकर भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेजा है। थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जयमाला कार्यक्रम के दौरान लापता हो गया था युवक
साली की शादी का पूरा जिम्मा उठाने वाले बहनोई ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस के सामने यह अनसुलझी पहेली है। हालांकि पुलिस इसे आत्महत्या नहीं मान रही है। बताया गया है कि जयमाला कार्यक्रम के दौरान ही अचानक वह लापता हो गया था। शनिवार की सुबह शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में साली की डोली उठी और उसे विदा कर दिया गया। तब तक बड़ी बहन का सुहाग उजड़ चुका था। बहन की शादी की खुशियां मातम में बदल चुकीं थीं।
पांच दिन पहले आ गए थे आकाश
साली की शादी सही से निपट जाए, इसके लिए बहनोई आकाश पांच दिन पहले ही अपनी ससुराल आ गए थे। शादी की सभी तैयारियां कराईं। बरात के स्वागत से लेकर खाने-पीने की सभी व्यवस्थाएं उन्होंने खुद ही की थी। रात में जयमाला कार्यक्रम के दौरान ऐसा क्या हुआ कि उसने आत्महत्या करने जैसी बात सोच ली। इसको लेकर पुलिस प्रशासन से लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं।
गांव आने के लिए बिहार से रवाना हुए माता-पिता
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के बिनौरा निवासी ओमपाल बिहार में ईंट-भट्ठे पर पत्नी के साथ मजदूरी करते हैं। घटना के समय भी वह वहीं थे। उनको बेटे की मौत की सूचना मिली तो दोनों लोग वहां से गांव आने के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या करने का कोई कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। - देवेंद्र कुमार, सीओ उझानी
आकाश का फाइल फोटो।