शहर में इन दिनों सक्रिय भिखारियों की टोली से लोग परेशान हैं। रुपये न मिलने पर यह लोग पीछे पड़ जाते हैं। इस टोली में पांच-छह साल की बच्चियों के साथ ही बूढ़ी महिलाएं भी शामिल हैं। यह सभी अधिकांश लावेला चौक से रोडवेज बस स्टैंड और पुलिस लाइंस चौराहा के इर्द-गिर्द ही मंडराते रहते हैं।
इसमें शामिल सदस्य भीख मांगने की जगह अब जबरन वसूली करने पर आमादा हो गए हैं। भीख मांगने वाले यह बच्चे राहगीरों के हाथ-पैर पकड़कर भीख मांगते हैं। बिना जेब हल्की कराए ये मुसाफिर-राहगीर को छोड़ने को तैयार नहीं होते। गौर करने वाली बात है कि एक-दो रुपये ये लेते नहीं, 10 से 20 रुपये तक मांगते हैं।
इन सभी की जानकारी पुलिस कर्मचारियों को रहती हैं, क्योंकि पुलिस लाइंस चौराहा पर अधिकांश वक्त ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की ड्यूटी रहती है, जबकि रोडवेज चौकी स्थित और लावेला चौक पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहती है। यह पुलिस कर्मियों के सामने भी जबरन लोगों की जेब से रुपये निकलवा लेते हैं। यात्रियों ने जिला प्रयासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।